रुद्रपुर। सरकारी प्राथमिक स्कूूलों में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के लिए ऊधमसिंहनगर जिले के प्राथमिक विद्यालयों में 28 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) की अध्यक्षता में गठित समिति विशेष शिक्षकों की पात्रता सूची तैयार करेगी।
स्कूलों में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने में शिक्षकों को अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। इसीलिए अब शासन के आदेश पर शिक्षा विभाग दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षकों की भर्ती कर रहा है। यह शिक्षक दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के हिसाब से पढ़ाएंगे। सीईओ रमेश चंद्र आर्या ने बताया कि विशेष शिक्षकों की नियुक्ति के लिए समिति बनाई जाएगी जो कि शिक्षकों का चयन करेगी। इन पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। नियुक्ति के बाद इन शिक्षकों को ब्रिज कोर्स भी करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन शिक्षकों की पात्रता सूची तैयार करने के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, डिग्री, डिप्लोमा और अध्यापक पात्रता परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर तैयार की जाएगी। सीईओ ने बताया कि जिले में उप शिक्षा अधिकारियों को अपने ब्लॉक के स्कूलों में दिव्यांग बच्चों की संख्या भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष शिक्षकों की नियुक्ति से दिव्यांग बच्चों को काफी लाभ मिलेगा। विशेष शिक्षकों की नियुक्ति स्थायी होगी या अस्थायी, इसका निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।