प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किच्छा रोड स्थित मोदी मैदान में प्रस्तावित महारैली में व्यवस्थाएं बनाने के लिए सोमवार को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम रुद्रपुर पहुंच गई। टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
एसपीजी के असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल के नेतृत्व में रुद्रपुर पहुंची टीम ने सोमवार की सुबह 31वीं वाहिनी पीएसी में डीएम डॉ. नीरज खैरवाल, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसके बाद टीम ने मोदी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मंच, बेरिकेडिंग आदि के निर्माण के साथ ही कार्यक्रम रूट के बारे में भी एसपीजी टीम ने अधिकारियों से जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्र का भी एसपीजी की ओर से मुआयना किया गया। जिला प्रशासन की टीम के साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई और इंटेलिजेंस के अधिकारी भी एसपीजी के साथ मुस्तैद रहे।
सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर मंच और बेरिकेडिंग निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया। निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार और सभी श्रमिकों का पुलिस सत्यापन किया जा रहा है। इधर, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और पीएसी को भी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया गया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाएड ने भी मैदान में पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।