सितारगंज। शक्तिफार्म में एसओटीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार को टीम ने छापेमारी कर गांव पिपलिया स्थित एक मकान से मां-बेटे को 61.51 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है।
एसआई प्रकाश भट्ट ने बताया कि वह नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए एसओटीएफ टीम के साथ गांव पिपलिया गए थे। वहां स्थित एक मकान में एक महिला के साथ कुछ लोग बातचीत कर रहे थे।
बताया कि जैसे ही उन्होंने पुलिस को आते देखा, वह सभी लोग मौके से भागने लगे। संदिग्ध गतिविधि प्रतीत होने पर पुलिस ने दो लोगों को मौके पर दबोच लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो गांव पिपलिया निवासी परमजीत कौर (50) के पास से 22.66 ग्राम हेरोइन के साथ 10,200 रुपये और सोनू सिंह (26) के पास से 38.85 ग्राम हेरोइन के साथ 10,390 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनों मां-बेटे हैं। नानकमत्ता निवासी कोमल सिंह से एक लाख रुपये में हेरोइन खरीद कर लाए थे। आरोपी सोनू ने बताया कि तीन साल पहले उसकी पत्नी राधा कौर हेरोइन बेचने के मामले में जेल गई थी। इसके बाद उसने हेरोइन बेचना बंद कर दिया था।
दस दिन पहले ही उसने दोबारा हेरोइन बेचना शुरू किया था। इससे पहले वह शराब बेचने के मामले में भी जेल जा चुका है। टीम में एसओटीएफ प्रभारी दीपा अधिकारी, एसआई प्रकाश भट्ट, एएसआई सुरेंद्र सिंह बोरा, एएसआई मुजफ्फर अली, कांस्टेबल भवान सिंह, हरबंस सिंह और पंकज कंडारी थे। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि एसओटीएफ ने कार्रवाई कर एक महिला सहित दो लोगों के पास से 61.51 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिक की दर्ज किया है।