सूर्या रोशनी गेट पर हंगामा और गाली गलौज करने पर महाप्रबंधक ने दर्ज कराया केस
काशीपुर। युवक की मौत पर परिजनों ने सूर्या रोशनी कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गेट पर हंगामा और कंपनी अधिकारियों के साथ अभद्रता की थी। मामले में एचआर महाप्रबंधक ने ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक के बेटे सहित अन्य समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या रोशनी लिमिटेड के एचआर महाप्रबंधक संजीव कुमार ने मामले में तहरीर दी। इसमें कहा कि तीन सितंबर की शाम फैक्टरी में एक ठेकेदार के अधीन काम करने वाले श्रमिक कावेंद्र पुत्र मेहर सिंह निवासी मानावाला टांडा थाना ठाकुरद्वारा काम करते समय बेहोश होकर गिर गया।सरकारी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने सूर्या कंपनी के गेट पर हंगामा किया था। रात करीब 10:45 बजे ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक विजय पाल यादव के बेटे अजय यादव अपने 2-3 समर्थकों महेन्द्र सिंह, रोहित कुमार व प्रदीप पाल एक कार से आये। इन्होंने कंपनी के कोआर्डिनेटिंग ऑफिसर आशुतोष मिश्रा और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उधर, कंपनी के एचआर महाप्रबंधक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत हार्टअटैक से होने की पुष्टि हुई है।