ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल से हल्द्वानी रेफर कर दिया। देर शाम बेटे ने एसटीएच हल्द्वानी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बता दें कि युवक अपने पीछे चार बच्चे और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
शनिवार शाम को बघौरी गांव निवासी मो. हाशिम अपने 70 वर्षीय पिता मो. शाह को लेकर बाजार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पैरपुरा गांव के पास पहुंचा कि सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्राली अंधेरे के कारण नहीं दिखी और उनकी बाइक ट्राली से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने दोनों का प्राथमिक इलाज कर उन्हें हल्द्वानी के एसटीएच रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें हल्द्वानी एसटीएच में भर्ती कराया। जहां देर शाम हाशिम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर दुर्घटनास्थल पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।