फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांस्टेबल ने कार से पान खोखा स्वामी को कुचला, मौत

विज्ञापन
बाजपुर कोतवाली में डीआईजी भरणे को मांग पत्र देते लोग। - फोटो : BAZPUR
विज्ञापन
बाजपुर। सिगरेट के रुपये मांगने से गुस्साए कोतवाली के एक कांस्टेबल ने तैश में आकर बुधवार देर रात खोखे वाले को कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के दो चचेरे भाई और उनका दोस्त घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक का हल्द्वानी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस वाले के इस क्रूर कृत्य से आक्रोशित लोगों ने रात में ही कोतवाली परिसर में शव रखकर हंगामा किया।
विज्ञापन

हालात को देख आसपास के थानों समेत नैनीताल जिले से भी पुलिस फोर्स बुला लिया गया। पुलिस के आला अफसरों के निर्देश पर मृतक के भाई की तहरीर पर कांस्टेबल सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। नाइट अफसर बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी अनिल जोशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी अजय रौतेला, एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे।
हल्द्वानी जाने वाली बसों के लिए बने निजी बस स्टैंड के पास अजय रूहेला और उसके भाई गौरव रूहेला (26) का पान का खोखा है। बुधवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे गौरव रूहेला अपनी दुकान का सामान अंदर रख रहा था। पास में ही उसके चचेरे भाई विशाल रूहेला (31) और शिभम रूहेला (25) के अलावा उनका दोस्त अजय यादव (25) निवासी राजीवनगर खड़े थे। इसी बीच कोतवाली में तैैनात कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसका साला जीवन और साथी गौरव राठौर पान के खोखे पर आए।
विज्ञापन

आरोप है कि उन्होंने सिगरेट लेकर रुपये नहीं दिए। रुपये मांगने पर कार सवार कांस्टेबल और उसके साथियों ने गालीगलौज और मारपीट कर धमकी दी, जिस पर हंगामा हो गया। गुस्से में कार सवार कांस्टेबल ने खोखा स्वामी गौरव रूहेला के ऊपर पीछे से कार चढ़ा दी। घटना में गौरव के अलावा उसके चचेरे भाई विशाल रूहेला, शिभम रूहेला और साथी अजय यादव घायल हो गए। आरोपी कांस्टेबल कार को बैक कर अपने साले और साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को आननफानन में सीएचसी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल खोखा स्वामी गौरव और विशाल को डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों से गौरव को मृत घोषित कर दिया जबकि विशाल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इधर, आक्रोशित परिजन देर रात करीब ढाई बजे ही शव लेकर आए और सीधे कोतवाली पहुंच गए। यहां शव को कोतवाली परिसर में रखकर परिजनों और लोगों ने खूब हंगामा किया। इस बीच लोगों की एएसपी राजेश भट्ट से तीखी नोकझोंक भी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी (कुमाऊं) अजय रौतेला, एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने परिजनों और लोगों से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश की। पूरी रात कोतवाली में हंगामा चलता रहा।
आला अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने मृतक के भाई अजय रूहेला की तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल प्रवीन कुमार, उसके साले जीवन और साथी गौरव राठौर के विरुद्ध धारा 302, 504 व 506 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच काशीपुर कोतवाल संजय पाठक को सौंपी। एसएसपी डीएस कुंवर ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल प्रवीन, उसके साले जीवन और गौरव राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहां एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, एएसपी राजेश भट्ट, एसडीएम एपी वाजपेयी, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान सहित अन्य थाना क्षेत्रों से भारी पुलिस बल तैनात रहा। संवाद
नाइट अफसर एसआई अनिल जोशी लाइन हाजिर
बाजपुर। देहरादून से पहुंचे डीआईजी (कानून व्यवस्था) नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि लापरवाही बरतने पर नाइट अफसर बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल जोशी कोे लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सिपाही प्रवीन कुमार ने जानबूझकर और बेरहमी से गाड़ी चढ़ाई है, जो जघन्य अपराध है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजी अशोक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौकेे पर उन्हें भेजा है। चौकी इंचार्ज अनिल जोशी को फिलहाल लाइन हाजिर किया गया है। जांच में तथ्य आने पर निलंबित भी किया जाएगा। जांच प्रभावित न हो इसके लिए दूसरे थाना प्रभारी को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी भरणे ने घटना को दुखद बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है। (संवाद)
बाजपुर कोतवाली से दो बार पहले भी हटे थे एसआई अनिल जोशी
बाजपुर। लाइन हाजिर किए गए बन्नाखेड़ा चौकी इंचार्ज अनिल जोशी पहले बाजपुर कोतवाली के अधीन दोराहा पुलिस चौकी और सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी में रह चुके हैं। दोनों चौकियों से एसआई जोशी को हटाया गया था। एसआई जोशी की तीसरी तैनाती बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में की गई थी। अब यहां भी उन्हें लाइन हाजिर किया जाना लोगों में चर्चा का विषय है। (संवाद)
छावनी में तब्दील हुआ बाजपुर
बाजपुर। सिपाही के कार से खोखा स्वामी को कुचलने की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। शोक संवेदना व्यक्त करने वालेेेे जनप्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों का मृतक के घर तांता लग गया। इसे पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए नैनीताल, ऊधमसिंह नगर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से फोर्स को बुला लिया।
शहर के मुख्य मार्ग, बेरिया दौलत रोड, हल्द्वानी बस स्टैंड, मझरा प्रभु, रामलीला मैदान सहित अन्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे बाजपुर शहर छावनी में तब्दील नजर आया। इधर, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति अध्यक्ष राजेश कुमार, पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, नैनीताल सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अविनाश शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति राजकुमार, कांग्रेस जिला प्रवक्ता प्रेम सिंह यादव, डॉ. नरेंद्र खत्री और सभासद सहित अन्य लोगों ने सूझबूझ से आक्रोशित लोगों को शांत किया। इस पर बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। (संवाद)
आरोपी कांस्टेबल समेत तीनों को भेजा जेल
बाजपुर। सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल प्रवीन सहित तीनों आरोपियों को कोर्ट मेें पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। आरोपी सिपाही प्रवीन के निलंबन की संस्तुति रिपोर्ट कोतवाली से एसएसपी कार्यालय भेजी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी सिपाही प्रवीन कोतवाली की हाइवे गाड़ी पर चालक था। (संवाद)
गमगीन माहौल में किया गया अंतिम संस्कार
बाजपुर। पोस्टमार्टम के बाद मृतक गौरव रूहेला की नगर स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई। अंतिम संस्कार में एसडीएम एपी वाजपेयी, एएसपी राजेश भट्ट सहित पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे नगर के मोहल्ला मझरा प्रभु से मृतक गौरव रूहेला की शव यात्रा मुख्य मार्ग से होकर श्मशान घाट पहुंची।
चिता को मृतक के छोटे भाई अजय रूहेला ने मुखाग्नि दी। शव यात्रा में पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह, गित्ते, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति राजकुमार, प्रेम सिंह यादव, विमल शर्मा, जगतजीत सिंह, डॉ. नरेंद्र खत्री, अनिल वाल्मीकि, सपा यूथ ब्रिगेड के प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद यादव, सुभाष शर्मा, मुकुंद शुक्ला, सुनील चानना, राम अवतार यादव, सोनू कंग, इंद्रजीत सिंह बंटी, विमल शर्मा, सिंह स्वरूप भारती, भारत कुमार, बहादुर भंडारी, सुनील कुमार, संजय रोहिला आदि सैकड़ों लोग थे। शव यात्रा के दौरान कोतवाली के सामने मुख्य मार्ग पर एसएसपी डीएस कुंवर सहित अन्य पुलिस बल केे साथ नजर रखे हुए थे। (संवाद)
बेटे की मौत की खबर मिलते ही बेसुध हो गई मां
बाजपुर। मृतक गौरव रूहेला की माता संतोष रूहेला बेटे की मौत खबर मिलते ही बेसुध हो गईं। माता सहित अन्य परिजनों का रोरोकर बुरा हाल बना है। मृतक के चचेरे भाई संजय रूहेला ने बताया कि मृतक का एक बड़ा भाई दीपक रूहेला और छोटा भाई अजय है। गौरव जब चार साल था, तब उसके सिर से पिता का साया उठ गया था। गौरव की शादी के लिए एक जगह रिश्ते की बात चल रही थी। (संवाद)
पीड़ित परिवार को 50 लाख की मिले आर्थिक सहायता
बाजपुर। अंतिम संस्कार के बाद मृतक के परिजनों के साथ जनप्रतिनिधियों ने डीआईजी नीलेश आनंद भरणे से मुलाकात की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने डीआईजी भरणे को पुलिस महानिदेशक के नाम छह सूत्री मांग पत्र सौंपा, जिसमें दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई, अपराधियों की मदद करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई, मृतक के परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता, घायलों का इलाज सरकारी खर्चे पर कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और वाद के निवारण होने तक परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।
इस दौरान नागरिकों ने प्रभारी कोतवाल आईपीएस सर्वेश पंवार सहित अन्य स्टाफ की कार्यशैली पर संगीन आरोप लगाए। मृतक के चाचा महेश रूहेला ने बताया कि मृतक का भाई अपने साथियों के साथ कोतवाली में कांस्टेबल प्रवीन की तरफ से की गई मारपीट की जानकारी देने पहुंचा था, जिस पर उनके साथ अभद्रता की गई। थाने से बाहर निकल जाने तक की धमकी दी गई।
इस पर डीआईजी ने कहा कि लापरवाही बरतने पर एसआई अनिल जोशी को लाइन हाजिर किया गया है। आरोपी कांस्टेबल प्रवीन को उसके किए की सख्त सजा मिलेगी। निष्पक्ष जांच रिपोर्ट आने पर आरोपी कांस्टेबल को बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। डीआईजी ने घटना को जघन्य अपराध बताया। पत्र पर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, ब्लाक प्रमुख पति राजकुमार, डॉ. नरेंद्र खत्री और अनंत जैन के हस्ताक्षर हैं। (संवाद)
मुख्यमंत्री ने डीजीपी को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फोन पर डीजीपी अशोक कुमार से बाजपुर में हुई घटना की पूरी जानकारी ली। सीएम ने कहा कि घटना की पूरी जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। डीजीपी ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना में लिप्त पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही उन पर केस दर्ज किया जा चुका है। (ब्यूरो)

दोपहर 12 बजे नगर के मोहल्ला मझरा प्रभु स्थित घर से गौरव की शवयात्रा मुख्य मार्ग होते हुए निकली। शवय- फोटो : BAZPUR

बाजपुर में तैनात पुलिस बल।- फोटो : BAZPUR

बाजपुर के मोहल्ला मझरा प्रभु में रोते बिलखते परिजन।- फोटो : BAZPUR

Soldier on caricature demanding money for cigarettes, crushed Swami from the car, died- फोटो : BAZPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें