रुद्रपुर। जिलेभर के 85 राजस्व गांवों के 11 हजार 178 उपभोक्ताओं को जल जीवन मिशन योजना के तहत सोलर ट्यूबवेल से जल देने की योजना बनाई गई है। पेयजल निगम की ओर से इसमें 96 करोड़ 79 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
केंद्र सरकार की योजना जल जीवन मिशन की हर घर नल योजना से जिले के 607 राजस्व गांवों के दो लाख एक हजार 350 परिवारों को वर्ष 2024 तक पेयजल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। पेयजल निगम और जल संस्थान की ओर से एक लाख 25720 उपभोक्ताओं के घर पेयजल कनेक्शन दे दिया गया है। शेष 75630 उपभोक्ताओं को भी पेयजल कनेक्शन देने के लिए ओवरहेड टैंक और ट्यूबवेल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसमें 11178 उपभोक्ताओं को सोलर ट्यूबवेल से जल पहुंचाया जाएगा। रुद्रपुर, बाजपुर, जसपुर, काशीपुर, खटीमा, सितारगंज, गदरपुर के लिए पेयजल निगम ने सौर ऊर्जा की 57 योजनाएं बनाई हैं। इसमें एक किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक के सोलर पैनल ट्यूबवेल से जोड़े जाएंगे।
पेयजल कनेक्शन देने में यूएस नगर सबसे पिछड़ा जिला
रुद्रपुर। प्रदेश के 13 जिलों में जल जीवन मिशन के तहत लोगों को पेयजल सुविधा पहुंचाने के लिए यूएस नगर सबसे पिछड़ा जिला माना गया है। यूएस नगर में 62.44 प्रतिशत लोगों को ही पेयजल सुविधा मिल सकी है। वहीं अल्मोड़ा में 63.78 प्रतिशत, नैनीताल में 64.10 प्रतिशत, हरिद्वार में 72.67 प्रतिशत पेयजल की प्रगति रिपोर्ट है। पेयजल कनेक्शन देने में देहरादून अव्वल है। दूसरे स्थान पर चमोली व तीसरे स्थान पर बागेश्वर जिला है।
जल जीवन मिशन की 57 योजनाएं सौर ऊर्जा की बनाई गई हैं, बिजली नहीं होने के बावजूद लोगों को पेयजल मिलता रहेगा। 85 राजस्व गांवों के 11 हजार उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए 96 करोड़ रुपये से अधिक की डीपीआर बनाई गई है। -मृदुला सिंह, नोडल अधिकारी, जेजेएम।