सितारगंज। जंगल में मिले मां-बेटी के शव मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में मां की मौत पूर्व की चोट और दम घुटने और बच्ची की मौत गला घोंटने से होने की बात कही गई है। पुलिस ने अब मृतक मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
चार जून को एक महिला अपनी आठ महीने की बेटी को लेकर घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद उनकी तलाश में जुट गई थी। छह जून को पीपलहत्ता के जंगल में महिला का शव फंदे से लटका मिला था। साथ ही उसकी बेटी का शव भी पास ही जमीन पर पड़ा हुआ था। सूचना पर शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज संजीत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला और बेटी के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम कराया था।
चौकी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मौत से पूर्व की चोट और लटकने से दम घुटकर मौत होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार माना जा रहा है कि महिला ने खुद ही अपनी पुत्री का गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में पेड़ पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि गुमशुदगी समाप्त कर अब बेटी की हत्या के आरोप में उसकी मृत मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि दर्ज मुकदमे की विवेचना की जा रही है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी। अगर बेटी की मौत के लिए उसकी मां जिम्मेदार होगी तो मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाई जाएगी।
पति को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
शक्तिफार्म। मां बेटी का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति और देवरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था। भाई ने आरोप लगाया था कि उसके जीजा के अपने छोटे भाई की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे, जिसकी वजह से उसकी बहन को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।
भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन का विवाह पीलीभीत जिले के एक गांव निवासी के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन अपने पति और देवरानी के बीच अवैध संबंध होने की बात करते हुए काफी परेशान थी। कहा कि कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं सुधरे और उसकी बहन मायके आ गई। इसके बाद वह ससुराल जाने से इंकार करने लगी। आरोप है कि इसी बीच उसके पति का फोन आया और वह इसके बाद गायब हो गई।