जसपुर। इस बार हज यात्रियों को सऊदी अरब में भटकने से बचाने के लिए स्मार्ट वॉच मुहैया कराई जा रही है। यह सुविधा पहली बार शुरू की गई है, जिससे आपात स्थिति में सहायता मिल सकेगी।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष हाजी खतीब अहमद ने बताया कि सरकार हज यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हज समिति ऑफ इंडिया ने दो साल पहले हज सुविधा ऐप लॉन्च किया था लेकिन कई बुजुर्ग यात्री एंड्रॉयड मोबाइल का उपयोग नहीं कर पाते। इसी कारण समिति ने स्मार्ट वॉच उपलब्ध कराई है।
यह वॉच हज सुविधा एप से जुड़ी रहेगी जिससे यात्रियों की लोकेशन का पता चल सकेगा। इसमें एसओएस बटन से तुरंत सहायता, हार्ट रेट और ऑक्सीजन लेवल मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। समस्या होने पर तत्काल एसएमएस अलर्ट भेजा जाएगा जिसकी निगरानी सऊदी अरब स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास के कंट्रोल रूम से होगी।
इनसेट....
स्मार्ट वाॅच में ये रहेंगी सुविधाएं
सऊदी अरब में हज यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीपीएस वॉच शुरू की गई है। यह भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों को ढूंढने में सहायक होगी। कंट्रोल रूम और भारतीय दूतावास यात्रियों की लोकेशन पर नजर रख सकेंगे। आपात स्थिति में एसओएस बटन दबाकर तुरंत सहायता मांगी जा सकती है। वॉच में स्वास्थ्य निगरानी, नमाज का समय और हज कमेटी के अलर्ट भी मिलेंगे। इसमें सऊदी अरब में काम करने वाला सिम कार्ड पहले से लगा होगा।
कोट....
27 अप्रैल तक प्रदेश के 184 आजमीन सऊदी अरब के मक्का शहर पहुंच चुके हैं। 1185 का पहुंचना अभी शेष है। इनमें दो मई को 308, चार को 104 और सात मई को 117 आजमीनों का काफिला पहुंचना भी शामिल है। स्मार्ट वाॅच की नई व्यवस्था आजमीनों के बेहतर साबित होगी।
- हाजी खतीब अहमद, चेयरमैन, उत्तराखंड राज्य हज समिति