जिले के प्रभारी मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने मंगलवार को पूरे दिन जिले के भ्रमण के बाद देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के पेंच कसे। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि साल भर सोते हो, कम से कम दो महीने बरसात में तो जाग लो।
आपदा की वर्तमान स्थिति से और भी सक्रिय होने की आवश्यकता है। दो घंटे की बैठक में जिला प्रभारी मंत्री ने आपदा में अफसरों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के निर्देश दिए।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा के प्रति बेहद संवेदनशील है। विषम हालातों पर नजर रखने के लिए हेलिकाप्टर की मदद ली जा रही है।
सीएम ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत दिलाने के लिए सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है। जिसमें सबसे पहले प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाना और उन्हें खाद्य सामग्री मुहैया कराना है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने सभी मंत्रियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
डैम के जलस्तर पर बढ़ने पर उसी स्थान के आसपास कंट्रोल रूम बनाने को कहा। इसके अलावा यूपी के अधिकारी जलस्तर खोलने से पहले आपस में संपर्क कर लें। ताकि उससे पहले लोगों को सचेत किया जा सके। उन्होंने प्रभारी डीएम डा. आशीष श्रीवास्तव की योजना की तारीफ की।