तारगंज सिडकुल में जहां राज्य सरकार की योजनाओं ने डेढ़ वर्ष पहले टैक्सटाइल पार्क की उड़ान भरी थी वही योजनाएं अब औद्योगिक नगरी सितारगंज में धरातल पर उतरने लगी हैं। इसमें राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना टैक्सटाइल पार्क ने अपने पैर जमाने शुरू कर दिए हैं।
टैक्सटाइल पार्क में यहां कलकत्ता की प्रसिद्ध एसडी पॉलीटेक ने अपना पहला कदम रख लिया है। करीब 130 करोड़ का निवेश यह कंपनी यहां करने जा रही है। टैक्सटाइल पार्क के लिए सिडकुल ने 150 एकड़ जमीन आवंटित की है वहीं एसडी पॉलीटेक को 21 एकड़ भूमि देने के साथ ही विभागीय सभी कार्रवाई भी पूरी कर ली हैं।
14 जून को कंपनी का सिडकुल के साथ समझौता हो गया है। इसी के साथ कंपनी इसी माह से अपना कार्य शुरू कर देगी। टैक्सटाइल पार्क की स्थापना से यहां पर करीब पांच हजार से अधिक लोगाें को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।
सितारगंज सिडकुल में बाहरी उद्यमियों के लिए यहां पर मुख्यमंत्री हरीश रावत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना थी कि यहां बाहरी उद्यमियों का आना शुरू हो जाए। इसके लिए सीएम रावत सरकार ने देश की कई कंपनियों को यहां पर निवेश के लिए न्यौता भी दिया था। इसी सिलसिले में राज्य सरकार और सिडकुल की मेगा टैक्सटाइल पालिसी के अंतर्गत सिडकुल ने बाहरी कंपनियों को ऑफर दिया था।
मेगा टैक्सटाइल पालिसी में सिडकुल कंपनी को आधे रेट में जमीन मुहैय्या कराता है और इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी कई रियायत कंपनी को दी जाती हैं, इसी मेगा पॉलिसी के तहत सितारगंज सिडकुल में एसडी पॉलीटेक कंपनी प्रा. लि. ने सबसे पहले यहां पर अपना झंडा गाड़ा है।
कंपनी को यहां पर बेहतर परिणाम की उम्मीद है। वहीं सिडकुल के सूत्रों की मानें तो अभी यहां पर टैक्सटाइल पार्क में निवेश करने के लिए करीब पांच और कंपनियां सिडकुल के संपर्क में आ गई हैं, इनमें दो बड़ी कंपनियों का भी नाम शामिल है।
बताया जा रहा है कि अगर सिडकुल में पूरी तरह से 150 एकड़ भूमि में राज्य सरकार की मंशा के तहत टैक्सटाइल पार्क स्थापित होगा तो स्थानीय लोगों में करीब पांच हजार से दस हजार के बीच लोगों को रोजगार मुहैय्या होगा।