फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: रुद्रपुर के धान केंद्रों पर सन्नाटा, तौल में हो सकती है देरी

Thu, 09 Oct 2025 01:05 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। जिले में बीते दिनों तेज बरसात के बाद धान कटाई की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बुधवार को ज्यादातर सरकारी धान क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। विभागीय अधिकारियों का मुताबिक सभी केंद्रों को धान की खरीद के संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए हैं। आगामी दो-तीन दिनों में धान की आवक तेज होने की उम्मीद है। बीते दिनों बरसात होने की वजह से खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नतीजतन किसानों के लिए खेत में कटाई करना बेहद कठिन हो रहा है।
विज्ञापन


यूसीएफ के सर्वाधिक क्रय केंद्र
जिले में धान खरीद के लिए कुल 250 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। उत्तराखंड स्टेट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (यूसीएफ) की ओर से सर्वाधिक 178 धान क्रय केंद्र, नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीफ) के 13, खाद्य विभाग के 27, उत्तराखंड प्रादेशिक सहकारी संघ (पीसीयू) के 25 और उत्तराखंड सहकारी संघ के 11 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिला मुख्यालय में धान खरीद के लिए सैनिक फार्म और स्थानीय गल्ला मंडी में एक-एक क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
कोट
सभी क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है लेकिन बरसात होने के चलते अभी केंद्रों पर धान नहीं पहुंच पा रहा है। शुरुआती चरण में जिले में कुल 250 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से शहर में दो केंद्र बनाए गए हैं। आगे जरूरत पड़ने पर धान की आवक के अनुसार केंद्रों को बढ़ाया जा सकता है। - हेमंत जोशी, वरिष्ठ खाद्य निरीक्षक
विज्ञापन

-
ज्यादा नमी के चलते खेतों में नहीं पहुंच पा रही कंबाईन
- गणेशपुर के किसान अमितेश कुमार का कहना है कि खेतों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। तमाम खेतोें में धान काट कर छोड़ा गया था ताकि नमी घट सके लेकिन बीते मंगलवार को तेज बारिश से कटी फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। बमुश्किल कटी फसल को सुखाकर तय मानक के अनुरूप करने का प्रयास किया जा रहा है।
- शहर निवासी किसान अमनदीप सिंह ने बताया कि बारिश के चलते ज्यादातर खेत अभी गीले हैं। ऐसे में खेतों में कंबाईन से धान की कटाई नहीं हो पा रही है। उम्मीद है कि दो-तीन दिनों मौसम ठीक रहा तो कटाई तेजी से होगी।



मंडी समिति में धान सुखाने में जुटे मजदूर
काशीपुर। मंडी समिति की ओर से बनाए गए क्रय केंद्र पर अभी सरकारी खरीद नहीं हुई है जबकि आढ़तियों ने किसानों से धान खरीदना शुरू कर दिया है। नमी की वजह से बुधवार को आढ़तियों के मजदूर धूप में धान को सुखाने में जुटे रहे।
मंडी समिति में चार क्रय केंद्र और 14 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। तीन अक्तूबर से शुरू हुए क्रय केंद्रों पर अभी तक धान खरीद नहीं हुई है। आठ से दस किसानों ने अपना पंजीकरण जरूर कराया है। बारिश होने की वजह से खेत में खड़ी धान की फसल भीग गई है। ऐसे में अब पांच से छह दिन बाद ही किसान धान लेकर पहुंचेंगे। दूसरी ओर, मंडी समिति में मौजूद आढ़ती उन किसानों के धान को खरीद रहे हैं जिनमें ज्यादा नमी है।
किसानों के लिए की गई तिरपाल की व्यवस्था
मंडी समिति के सचिव योगेश तिवारी ने बताया कि बुधवार को भी सरकारी खरीद नहीं हुई है। बारिश के चलते किसानों के लिए मंडी में तिरपाल की व्यवस्था की गई है। यदि कोई किसान अपनी फसल लेकर आता है और बारिश शुरू होती है तो वह मंडी समिति के ऑफिस पहुंचकर तिरपाल ले सकता है। हालांकि क्रय केंद्रों पर भी इसकी व्यवस्था की गई है। किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।



खटीमा में दो क्रय केंद्रों पर हुई 460 क्विंटल धान खरीद
खटीमा। खटीमा विकासखंड में बुधवार को दो क्रय केंद्रों पर 460 क्विंटल धान खरीद हुई। वरिष्ठ विपणन अधिकारी केसी आर्या ने बताया कि मंडी परिसर स्थित खाद्य विभाग के दो क्रय पर किसानों ने अपना धान बेचा। कच्चा आढ़तियों ने भी किसानों से करीब 4200 क्विंटल धान खरीदा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें