गदरपुर रोड पर बदमाशों ने बाइक सवार युवक पर फायर झोंका। इसके बाद बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट कर बाइक लूट कर फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जिला रामपुर के टांडा हुकूमतनगर निवासी मोहम्मद जाहिद ने पुलिस को बताया कि वह घर से रविवार सुबह करीब तीन बजे बाइक संख्या यूपी20सी-0776 से शिमला हिमाचल जाने के लिये चला। वह गदरपुर रोड दानपुर के पास उसे पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह गिर गया और उससे मारपीट की। बाद में उस पर फायर झोंक दिया। इससे वह बाल बाल बच गया। पीड़ित ने बताया कि उसने भाग कर जान बचाई। आरोप है कि बदमाश उसकी बाइक भी लूट कर ले गये। दिन दहाड़े बाइक लूट की घटना की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया और मौके पर एसआई बीबी आर्या मय पुलिस बल के साथ पहुंचे।
उन्होंने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। कोतवाल जेसी पाठक ने बाइक लूट की घटना को संदिग्ध बताते हुए बताया कि जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर मामला झूठा पाया तो पीड़ित के खिलाफ 182 की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।