बुधवार को सिडकुल, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सिडकुल स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से करीब 25 से अधिक अतिक्रमण को ध्वस्त किए थे। यहां कई लोग सालों से अतिक्रमण कर व्यावसायिक प्रतिष्ठान चला रहे थे। सिडकुल प्रबंधन को अवैध धंधा करने की भी शिकायतें मिल रहीं थीं।
पीड़ित रजनी पहाड़ ने बताया कि सिडकुल प्रशासन ने बिना नोटिस दिए उनकी दुकान की छत ढहा दी। उन्हें दुकानों का सामान बाहर निकलने तक का समय नहीं दिया गया। कहा कि अंदर जानवर भी बंधे हुए थे। कार्रवाई में उन्हें भी चोट लगी है। उसने बताया कि अगले महीने उसकी छोटी बहन स्मिता पहाड़ की शादी है। वह अधिकारियों से रहम की मांग करते रहे पर उन्होंने उनकी एक नहीं सुनी।
पीड़ित ललिता मिस्त्री के अनुसार वह खाना बना रही थी। अतिक्रमण हटाने आई टीम ने उनके खाने के बर्तन तक पलट दिए। उन्होंने बिना बिजली की सप्लाई काटे अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इससे तार टूटने पर उन्हें करंट भी लग गया। पीड़ित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि बिना नोटिस दिए टीम ने उनकी दुकान ढहा दी। उनके रोजगार का जरिया समाप्त हो गया। अब वह पर सड़क पर आ गए।
कोट:
वह सालों से सिडकुल की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर रह रहे हैं। कई बार इन्हें नोटिस दिया गया लेकिन उन्होंने जगह खाली नहीं की। उनके ओर से लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की गई है।
- रविंद्र सिंह, आरएम सिडकुल सितारगंज