अतिक्रमण ध्वस्त करने का अभियान साप्ताहिक बंदी के दिन बुधवार को भी जारी रहा। कई पक्के अतिक्रमण तोड़े गए। इस दौरान जेसीबी से सर्राफ की दुकान का शटर गिर गया, जिससे व्यापारी भड़क उठे। उनकी निगम के अधिकारियों से तीखी झड़प हुई। व्यापारियों के विरोध के आगे टीम अभियान रोककर कोतवाली पहुंच गई। टीम ने व्यापार मंडल समेत कई लोगों पर काम में बाधा डालने और अभद्रता करने की तहरीर सौंपी है।
बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में कर अधीक्षक अजय कुमार अष्टवाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कंवलजीत सिंह, एसआई विकास कुमार के नेतृत्व में निगम कर्मियों ने मुख्य बाजार में नाली के बाहर किया गया अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू किया। निगम कर्मियों ने दुकानों के आगे स्लैब पर धड़ाधड़ घन चलाए। दुकान के आगे डाले गए लोहे और स्टील के जाल इलेक्ट्रिक कटर से काटकर निगम के गोदाम में जमा करा दिए गए। टीम पार्क रोड, पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए मुख्य बाजार की ओर बढ़ी। बाजार में जयगुरु ज्वैलर्स का स्लैब तोड़ते समय बंद दुकान का शटर जेसीबी मशीन की चपेट में आकर उखड़ गया। दुकान स्वामी महेश भल्ला व संजय भल्ला किसी कार्य से दिल्ली गए हैं। आसपास के दुकानदारों ने इसकी जानकारी महेश की पत्नी निधि भल्ला को दी। भल्ला ने दुकान पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन तब तक निगम कर्मी आगे बढ़ चुके थे। सूचना पर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक वर्मा, व्यापारी नेता अनिल कुमार खुलासा आदि मौके पर पहुंच गए। छोटे नीम के पास उनकी निगम अधिकारियों से तीखी झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर निगम कर्मियों ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अभियान बीच में ही रोक दिया।
अध्यक्ष समेत कई के खिलाफ कामकाज में बाधा डालने की तहरीर
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से हुए विवाद के बाद निगम कर्मी कोतवाली आ धमके। उन्होंने व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दीपक वर्मा समेत अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कंवलजीत सिंह, कर अधीक्षक अजय कुमार अष्टवाल, सफाई निरीक्षक विकास कुमार, हेमचंद्र जोशी, सफाई नायक अजय बन्नू, राजन कुमार और संजय कुमार आदि ने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक वर्मा, जतिन नरुला समेत 15 ने उनसे अभद्रता की और सरकारी कामकाज में बाधा डाली। उन्होंने अभियान शुरू करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नही हो सका है। कोतवाल चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी न हुई तो नहीं होगी सफाई व्यवस्था
सफाई नायक अजय कुमार बन्नू ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान निगम कर्मियों से अभद्रता करने के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी शीघ्र ही गिरफ्तार नहीं किए जाते तो सफाई कर्मी बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।
कोतवाली के सामने रखे फड़ पीछे करवाए
नगर निगम के मुख्य आयुक्त केके मिश्र ने कोतवाली के सामने लगने वाले फड़ व्यवसायियों से अपने फड़ दो फुट पीछे करने के निर्देश दिए। एमएनए के निर्देश पर फड़ व्यापारियों ने अपने फड़ दो फुट पीछे करने शुरू कर दिए हैं।