पंतनगर/रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर पंतनगर विश्वविद्यालय में वर्ष 2003 से पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला उठाया है।
उन्होंने देहरादून में मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि इस संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश पारित करने के बाद भी कर्मचारियों के नियमितीकरण से संबंधित पत्रावली शासन स्तर पर लंबित है। लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के नियमित न होने के कारण उन्हें वेतन, सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सहित अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने सीएम को बताया कि यह कर्मचारी वर्षों से विश्वविद्यालय की सेवा कर रहे हैं और संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय को प्राथमिकता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की।