सीवर का पानी नाले में छोड़ने पर उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने रुद्रपुर के रेडिसन होटल और मेट्रोपोलिस मॉल के प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी ने मेट्रोपोलिस मॉल पर पांच लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने का प्रस्ताव भी मुख्यालय को भेजा है। दोनेां प्रतिष्ठानों से नोटिस का जवाब 30 दिन के भीतर नहीं मिलने पर पीसीबी इन्हें बंद करने की कार्रवाई करेगा।
बताया जाता है कि होटल और मॉल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर सिडकुल का कॉमन ट्रीटमेंट प्लांट है लेकिन सिडकुल ने दोनों प्रतिष्ठानों को ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने की कोई व्यवस्था नहीं की है। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अंकुर कंसल ने बताया कि लोगों से शिकायत मिल रही थी कि होटल रेडिसन और मेट्रोपोलिस मॉल के सीवर का पानी नाले में बहाया जा रहा है। शिकायत पर पीसीबी की टीम ने नाले से जुलाई में सैंपल लिया था।
जांच में नाले में सीवर का पानी बहाने की शिकायत सही पाई गई। डॉ. कंसल ने बताया कि मेट्रोपोलिस सिटी में ही मॉल और रेडिसन होटल हैं। इसी में ही आवासीय कॉलोनी भी है, जिसमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगा है लेकिन ट्रीटमेंट प्लांट में सीवेज का पानी ट्रीट किए बिना नाले में बहाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि होटल रेडिसन और मॉल के प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। डॉ. कंसल ने बताया कि यदि 30 दिन के अंदर दोनों नोटिसों का जवाब नहीं मिला तो दोनों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।