रुद्रपुर। डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। तहसील दिवस में आधार, राशन कार्ड, बिजली, भूमि संबंधित 10 शिकायतें पंजीकृत हुई जिसमें सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुए तहसील दिवस में ग्राम बागवाला दानपुर निवासी रीना, बिंद्रा व मनप्रीत ने आधार कार्ड में संशोधन कराने व मोबाइल नंबर से लिंक कराने का अनुरोध किया। तीनों की समस्या का समाधान कराया गया। इसी तरह वकील अहमद ने बेटी के मानसिक रोग से पीड़ित होने पर उसे दिव्यांग पेंशन दिलाने का अनुरोध किया। डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को मौके पर प्रपत्र पूर्ण कराकर पेंशन से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।
बागवाला दानपुर निवासी रीना ने बीपीएल राशन कार्ड जारी करने का अनुरोध किया। इस संबंध में बीडीओ और जिला पूर्ति अधिकारी को ग्राम पंचायत में खुली बैठक कराते हुए जांच सत्यापन कर पात्रों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। वहां जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, एसडीएम गौरव पांडेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल आदि थे।
काशीपुर में तीन, बाजपुर में नौ शिकायतें आईं
काशीपुर/बाजपुर। तहसील दिवस में कम ही फरियादी आ रहे हैं। काशीपुर तहसील परिसर में तहसीलदार पंकज चंदोला की अध्यक्षता में लगे तहसील दिवस में सिर्फ तीन शिकायतें आईं जो राजस्व से संबंधित थीं। इनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। एक शिकायत में जांच करने के निर्देश दिए गए।
उधर, बाजपुर में एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नौ शिकायत दर्ज की गईं। गांव हरिपुरा हरसान निवासी बलवीर सिंह नेगी ने भूमि का विनियमितीकरण करने की मांग की। केलाखेड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अकरम पठान ने हाईवे स्थित फिदानगर चौराहे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोक लगाने के लिए सांकेतिक बोर्ड, अंडरपास निर्माण कराने की मांग की।
गांव मुंडिया कला निवासी जितेंद्र कुमार ने चकबंदी संबंधित, चनकपुर के प्रधान रोहित सेमवाल ने बगैर ग्राम पंचायत की अनुमति के इंडस्ट्रीज लगाने की अनुमति नहीं देने सहित नौ समस्याएं रखी गईं। ग्राम प्रधान संघ की ओर से गांव महेशपुरा में यूजर चार्ज लगाने, जल जीवन मिशन की बैठक कराने के लिए एसडीएम डॉ. शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। वहां राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर पालिका, मंडी समिति सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।