सितारगंज। मलिक के एडवांस रुपये न देने से नाराज दो नौकरों ने दुकान में आग लगा दी। साथ ही लॉकर में रखे बीस हजार रुपये भी चोरी कर लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी नौकरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव सरकड़ा निवासी धर्मेंद्र कश्यप ने बताया कि गांव कुंवरपुर, सिसैया में उसकी टेंट की दुकान है। करीब दो महीने से जहानाबाद, पीलीभीत (यूपी) निवासी दो लोग उसकी टेंट की दुकान में काम करते हैं। बताया कि बीती 18 दिसंबर को दोनों नौकरों ने उससे बतौर एडवांस बीस हजार रुपये मांगे थे। एडवांस रुपये न देने पर दोनों नौकरों ने उससे अभद्रता की और उसे बर्बाद कर देने की धमकी दी। बुकिंग का काम होने के कारण उसने दोनों नौकरों को समझा-बुझाकर दो हजार रुपये दिए और काम पर लगा दिया।
उसी दिन शाम को किसी ग्राहक ने उसे बीस हजार रुपये पेमेंट दिया था जिसे वह दुकान के लॉकर में रखकर घर चला गया था। अचानक रात करीब 10 बजे दुकान के पड़ोसी व्यक्ति ने उसे दुकान में आग लगने की सूचना दी। आरोप लगाया कि दोनों नौकरों ने अपने एक साथी के साथ उसकी दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। साथ ही दुकान के लॉकर में रखे बीस हजार रुपये भी चुरा लिए। वहीं, दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में उक्त नौकरों को भागते हुए साफ देखा जा सकता है। सीओ धौनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।