रुद्रपुर। बगैर लाइसेंस के वाहन चलाने के हर महीने 300 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं जो हादसों की अधिकता वाले जिले के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
अपरिपक्व लोगों के वाहन चलाने की अक्सर तस्दीक हो रही है। परिवहन विभाग के आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं। परिवहन विभाग के रुद्रपुर संभाग ने इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से बीते जनवरी तक 10 माह में बगैर लाइसेंस वाहन चलाने के 3086 मामले पकड़े। जनवरी में ही 340 मामले पकड़े गए। सिटी पेट्रोल यूनिट भी हर दिन बगैर लाइसेंस वाहन चलाने के मामले पकड़ रही है।
-इंसेट:
उम्रदराजों के पास तक लाइसेंस नहीं
एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिए युवा, अधेड़ और उम्र दराज लोग पहुंच रहे हैं। विभाग के अस्थायी टेस्ट ड्राइविंग ट्रैक में लाइसेंस का टेस्ट लेने के दौरान हर रोज ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है। अधिकांश लोग अपना वाहन चलाकर टेस्ट देने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे तस्दीक हो रही है कि यह लोग काफी समय से वाहन चला रहे हैं लेकिन लाइसेंस नहीं है। खास बात यह है कि करीब 25 प्रतिशत लोग ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट पास नहीं कर पा रहे हैं।
स्टेयरिंग थामने में नाबालिग भी पीछे नहीं
रुद्रपुर। यहां अभिभावक नाबालिगों को बाइक, चौपहिया वाहन देने में पीछे नहीं हैं। सीपीयू ने पिछले वर्ष 29 नाबालिगों को वाहन चलाते पकड़ा था। इस साल भी नाबालिगों के वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
............
वर्जन
बगैर लाइसेंस वाहन चलाने पर सख्ती की जा रही है। हर माह 300 से अधिक मामले पकड़े जा रहे हैं। चेकिंग अभियान के दौरान सबसे पहले लाइसेंस ही चेक किया जा रहा है।
-नवीन सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रुद्रपुर
-
-कोट:
बगैर लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के साथ ही नाबालिगों के वाहन चलाने पर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
-गोधन सिंह, प्रभारी सीपीयू रुद्रपुर