दिल्ली में पकड़े गए सीरियल रेप के आरोपी सुनील रस्तोगी को रुद्रपुर की पास्को कोर्ट ने तलब किया है। उसे लेने के लिए ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस दिल्ली रवाना हो गई है। सुनील को 23 जनवरी को कोर्ट में पेश करने के आदेश पुलिस को दिए गए हैं।
रामपुर जनपद के मिलक थाना अंतर्गत करमचा गांव निवासी सीरियल रेप के आरोपी सुनील रस्तोगी को दिल्ली पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। उसने दिल्ली पुलिस को पूछताछ में बताया था कि वह मासूम बच्चियों को बहला फुसलाकर ले जाता था और फिर उनके साथ दुराचार करता था।
टेलरिंग का काम करने वाले सुनील रस्तोगी ने ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से 17 फरवरी 2016 को दस वर्ष की बालिका का अपहरण भी किया था। इस मामले में बालिका के पिता ने उसी दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी सुशील कुमार के मुताबिक इस मामले की सुनवाई पास्को कोर्ट में चल रही है। मुकदमे की सुनवाई अंतिम चरण में है। मुकदमे की सुनवाई अब 23 जनवरी को होनी है। पास्को कोर्ट ने 23 जनवरी को सुनील को अदालत में पेश करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए कैंप थाने से पुलिस टीम को सुनील लेने दिल्ली भेजा गया है।