जसपुर प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित युवतियां व छात्राएं।
- फोटो : amar ujala
अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत छात्राओं, बेरोजगार युवतियों का आत्मविश्वास बढ़ाने, व्यक्तित्व का विकास करने तथा स्वरोजगार अपनाने के लिए ब्यूटी पार्लर, महिला सैलून खोलने के लिए 10 दिनी निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शनिवार को कोतवाली रोड स्थित कोजी ब्यूटी बर्ड एकेडमी की स्वामी नसरीन चौधरी, समाज सेविका शिक्षिका रेखा राजपूत ने शिविर का उद्घाटन किया।
एकेडमी की महिला ट्रेनरों ने छात्राओं, बेरोजगार युवतियों को थ्रेडिंग, ब्लीचिंग, फेशियल, मैनिक्योर, पैडिक्योर आदि का प्रशिक्षण दिया। एकेडमी की संचालिका नसरीन चौधरी ने महिलाओं के मेकअप एवं सौंदर्य बढ़ाने की बारीकियों की विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं से कहा कि निराश न हो स्वरोजगार अपनाएं और दूसरी बहनों को भी अपने यहां रोजगार दें। समाज सेविका रेखा राजपूत ने अपना लक्ष्य निर्धारण कर आगे बढ़ने, किसी भी गलत बात का विरोध करने, अन्याय का डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण ले रही ग्रामीण क्षेत्र की 45 युवतियों, छात्राओं ने संकल्प पत्र भरे।
ब्यूटी पार्लर और महिला सैलून महिलाओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार अपनाने का अच्छा अवसर है। प्रशिक्षण लेकर मैं अन्य लोगों को भी जागरूक करुंगी। -लक्ष्मी देवी, ग्राम ध्यान नगर
अधिकांश ब्यूटी पार्लर ग्रामीण क्षेत्रों में खुले हैं। वह प्रशिक्षण लेकर अपने गांव में ब्यूटी पार्लर खोलकर ग्रामीण महिलाएं यह सुविधा प्रदान करेंगी।- रेनु, ग्राम मंडुवाखेड़ा
अपने गांव में ब्यूटी पार्लर खोलकर महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।- डौली, ग्राम निवारमुंडी
ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को विवाह समारोह व अन्य अवसरों पर नगर के महंगे ब्यूटी पार्लरों पर जाना पड़ता है। समय व पैसा ज्यादा खर्च होता है। वह कम पैसे लेकर यह सुविधा क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को देंगी। -ज्योति, टांडा