थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लूटपाट के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड को बंधक बना लिया। वे वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को देख बदमाश फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिडकुल रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से पहले खाली पड़े प्लाट में बहेड़ी क्षेत्र नगरिया खुर्द निवासी इरशाद अली और लीलाधर बतौर सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते हैं।
बृहस्पतिवार की रात दोनों ड्यूटी पर थे। इसी बीच कुछ बदमाश वहां आ गये और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश वहां खड़ी जेसीबी और जनरेटर के पार्ट्स खोलने लगे। उन्होंने विरोध किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस जीप का हूटर बजने लगा। तभी दोनों सुरक्षा गार्ड ने हिम्मत कर शोर मचा दिया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देख बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने बंधक बनाए गए दोनों सुरक्षा गार्ड को मुक्त कराया। ट्रांजिट कैंप इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया गश्त पर एसआई बीसी आर्या और कुछ सिपाही थे, पुलिस की सक्रियता के चलते बदमाश घटना को अंजाम नहीं दे पाये। उन्होंने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।