रुद्रपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के दूसरे चरण में आवेदन की प्रकिया शुरू हो गई है। 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। जिले में कुल सीट 7516 के सापेक्ष प्रथम लॉटरी में 3233 छात्र-छात्राओं का प्रवेश हो चुका है। दूसरी लॉटरी में 4283 सीटों पर दाखिला होगा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जिले में 764 स्कूल पंजीकृत हैं। इसके लिए एक अप्रैल से 21 अप्रैल तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इस पोर्टल पर आवेदन करने के बाद इसकी हार्ड कापी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराई गई। इसके बाद एक-एक आवेदनों का ऑफलाइन स्क्रूटनी की गई। दो मई को लाटरी विधि से चयनित बच्चों की सूची पोर्टल पर अपलोड की गई। इसमें 3233 बच्चों को प्रवेश मिला। इसके बाद बची सीटों के लिए 27 जून से फिर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई। दूसरे चरण में 10 जुलाई तक प्रवेश के लिए आवेदन किए जाएंगे। इसमें फिर आवेदन के बाद लॉटरी विधि से प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बची सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 10 जुलाई तक किए गए आवेदन के बाद लॉटरी से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। -केएस रावत, सीईओ।