गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब प्रबंधन समिति के दोनों पक्षों के साथ डीएम और एसएसपी ने शुक्रवार देर शाम को बैठक की। इसमें एक पक्ष ने एडीजे तृतीय के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर याचिका का फैसला आने तक चार्ज नहीं देने की मांग की। लेकिन, करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद डीएम ने रिसीवर बनाई गई एसडीएम सितारगंज से चार्ज लेकर सेवा सिंह को दे दिया। कोर्ट के आदेशानुसार जसविंदर सिंह गिल उपाध्यक्ष, प्रीतम सिंह संधू महासचिव और केहर सिंह सचिव रहेंगे।
शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे कलक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में डीएम डॉ. नीरज खैरवाल और एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने प्रबंधन समिति के दोनों पक्षों की बैठक कर उनका पक्ष सुना। डीएम ने कहा कि गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में जो भी कार्य किए जाएं, समिति के सभी सदस्यों की राय लेकर किए जाएं। एक पक्ष के लोगों ने कहा कि एडीजे तृतीय की ओर से दिए गए निर्णय के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। याचिका पर चार जुलाई को सुनवाई होनी है, लिहाजा तब तक चार्ज नहीं दिया जाए। डीएम ने दोनों पक्षों से सहमति बनाने को कहा, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। दोनों पक्षों से वार्ता के बाद भी जब कोई हल नहीं निकल पाया तो डीएम डॉ. खैरवाल ने कहा कि 26 जून को अपर जिला जज तृतीय विवेक द्विवेदी के आदेश के क्रम में सेवा सिंह शेष अवधि 20 दिसंबर 2021 तक प्रधान रहेंगे। जसविंदर सिंह गिल उपप्रधान, प्रीतम सिंह संधू महासचिव और केहर सिंह सचिव रहेंगे। उन्होंने एसडीएम सितारगंज निर्मला बिष्ट से रिसीवर का चार्ज हटाते हुए सेवा सिंह को रिसीवर का चार्ज दे दिया। बैठक में एडीएम नजूल जगदीश चंद्र कांडपाल, एसडीएम निर्मला बिष्ट, गुरुद्वारा समिति के सेवा सिंह, जसविंदर सिंह गिल, बलजिंदर सिंह, सूरत सिंह, प्रीतम सिंह संधू, केहर सिंह, सेवा सिंह, निशान सिंह, जरनैल सिंह, कुलदीप सिंह सहित सभी 27 सदस्य उपस्थित थे।