रुद्रपुर सीओ कार्यालय के बाहर समर्थकों के साथ प्रदर्शन करते विधायक।
- फोटो : amar ujala
बीते दिवस ट्रांजिट कैंप थाने का घेराव करते समय एसएसपी डॉ. सदानंद दाते पर लगाए गए कथित आरोप विधायक के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। गंभीर आरोप से आहत एसएसपी ने आरोप लगाने की बात सही निकलने पर विधायक को मानहानि का केस करने की चेतावनी दी है। इधर, मामला मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट तक भी पहुंचा दिया गया है। वहीं, विधायक ने एसएसपी पर किसी प्रकार का आरोप लगाने से इनकार किया है।
बता दें कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश नहीं लगने पर विधायक राजकुमार ठुकराल ने बुधवार को समर्थकों के साथ ट्रांजिट कैंप थाने का घेराव और प्रदर्शन किया था। उन्होंने थानाध्यक्ष पर अवैध शराब और नशा बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप मढ़ा था। बताया जाता है कि विधायक ने थानाध्यक्ष के अलावा एसएसपी पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।
मामले की जानकारी मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश भाजपा हाईकमान के संज्ञान में लाई जा चुकी है। वहीं, गंभीर आरोप लगाने की जानकारी के बाद एसएसपी डॉ. सदानंद दाते बेहद नाराज हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक की सर्विस ईमानदारी और निष्ठा से की है, लेकिन अगर उनकी साख खराब करने के मकसद से ऐसे आरोप से वह आहत हुए हैं।
एसएसपी ने कहा कि यदि आरोप लगाए जाने की पुष्टि होती है तो वह विधायक के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। मामले में विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि उन्होंने एसएसपी का नाम लेकर आरोप नहीं लगाए थे। जो पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार कर रहे हैं, उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे।