एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में आरोपी निलंबित एसडीएम डीपी सिंह से एसआईटी ने शुक्रवार को कई बिंदुओं पर पूछताछ की। डीपी सिंह सुबह 11 बजे एसएसपी आफिस पहुंचे। बंद कमरे में करीब आठ घंटे की पूछताछ में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ( एसआईटी) को कई जानकारियां हासिल हुईं। टीम ने डीपी सिंह के बयान भी दर्ज किए हैं।
सूत्रों का कहना है कि डीपी सिंह के अलावा कुछ और लोगों से भी टीम ने पूछताछ की है। इस दौरान बाकायदा वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई। बता दें कि तीन दिन के भीतर एसआईटी 26 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। शुक्रवार सुबह 11 बजे डीपी सिंह एसएसपी आफिस पहुंचे। एसआईटी उन्हें अलग कक्ष में ले गई और एनएच भूमि मुआवजा घोटाले के संबंध में पूछताछ की। टीम ने एसएलओ कार्यालय से संबंधित जानकारी पर अधिक फोकस रखा।
विज्ञापन
बता दें कि तत्कालीन कुमाऊं कमिश्नर डी सेंथिल पांडियन की जांच में ऊधमसिंह नगर जिले में एनएच भूमि मुआवजा घोटाले का पर्दाफाश हुआ। उस दौरान डीपी सिंह एसएलओ के पद पर तैनात थे। शुरुआती दौर में यह घोटाला 118 करोड़ का निकला, लेकिन जब कमिश्नर की जांच आगे बढ़ती गई तो यह घोटाला 300 करोड़ रुपये के ऊपर पहुंच गया। इस मामले में अभी तक डीपी सिंह समेत सात पीसीएस अधिकारी निलंबित किए गए हैं, ये सभी पीसीएस अधिकारी क्षेत्र में एसएलओ पद पर तैनात रहे हैं।
एएसपी देवेंद्र सिंह पिंचा का कहना है कि डीपी सिंह से शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे से पूछताछ की गई जो कि शाम सात बजे तक चली। टीम ने उनके बयान दर्ज किए हैं। इस मामले में अभी और लोगों से पूछताछ की जानी है। बता दें कि डीपी से पूछताछ से दो दिन पहले एसआईटी ने निलंबित एसडीएम अनिल शुक्ला के सरकारी आवास पर जाकर पांच घंटे तक पूछताछ की थी।