गदरपुर। स्कॉर्पियो में सवार होकर आए अज्ञात चोरों ने किराना दुकान के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्राम कैलाशपुर निवासी सतनाम छाबड़ा की ग्राम सरदारनगर चक्की में सतनाम किराना स्टोर नाम से दुकान है। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे स्कॉर्पियो में पहुंचे तीन चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे चैनल के ताले तोड़े। इसके बाद शटर के ताले तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया।
चोर दुकान के गल्ले में रखी करीब 70 हजार रुपये की नकदी और लगभग 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वारदात के बाद आरोपी शटर गिराकर वाहन में बैठकर फरार हो गए। सुबह करीब पांच बजे समाचार पत्र का बंडल लेने पहुंचे अभिकर्ता ने दुकान का शटर उठा हुआ देखा। इसके बाद उसने दुकान स्वामी सतनाम छाबड़ा को सूचना दी। सूचना मिलने पर सतनाम छाबड़ा मौके पर पहुंचे और पुलिस को चोरी की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर आए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना की खास बात यह रही कि स्कॉर्पियो सवार चोर एक बार दुकान में घुसने के बाद दोबारा भी दुकान के अंदर गए और इत्मीनान से सामान समेटकर ले गए। चोरों की करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है। कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
कोट
किराना स्टोर में हुई चोरी की घटना संज्ञान में आई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग तीन टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। - प्रशांत कुमार, क्षेत्राधिकारी