खटीमा। चकरपुर क्षेत्र में जगबुड़ा पुल के पास मंगलवार को अचानक सड़क पर हाथी से टकराकर स्कूटी सवार शिक्षिका घायल हो गई। स्कूटी की टक्कर से हाथी का एक दांत टूट गया। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षिका की हालत सामान्य है।
जानकारी के मुताबिक, टनकपुर निवासी निकिता खटीमा के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। सुबह के समय वह स्कूटी से ड्यूटी के लिए आ रही थीं। तभी रास्ते में चकरकपुर क्षेत्र जगबूड़ा पुल के पास सड़क पार कर रहा हाथी अचानक उनकी स्कूटी के सामने आ गया। अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी हाथी से टकरा गई जिससे वह चोटिल हो गईं। वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र बिष्ट ने बताया कि टस्कर हाथी जंगल के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इस दौरान स्कूटी से टकराने से हाथी का एक दांत टूट गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। हाथी की गतिविधि पर नजर रखने के लिए आसपास ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं।