रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में 48 घंटे के अंदर ही एक और महिला का शव फंदे से लटका मिला। उसका कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा था। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कराकर शव मोर्चरी भेज दिया।
आशीर्वाद कॉलोनी गंगापुर ट्रांजिट कैंप निवासी प्रभा शर्मा (37) पत्नी अंकित गर्ग मकान में अकेली रहती थी। मंगलवार सुबह उसके पिता सतीश शर्मा रोजाना की तरह मकान के निचले हिस्से में चल रहे निर्माण को देखने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने अपने पास मौजूद दूसरी चाबी से दरवाजा खोला।
घर में पहुंचते ही पहली मंजिल से छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास बेटी को नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटका देख पिता के होश उड़ गए। उन्होंने पड़ोस की महिला पूजा की मदद से शव को नीचे उतारा लेकिन तब तक प्रभा की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, सौरभ भारती और महिला उपनिरीक्षक पूनम रावत व फॉरेंसिक टीम के साथ वहां पहुंची। पिता ने बताया कि प्रभा का विवाह 2022 में हुआ था और अंकित गर्ग के साथ तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था।
शादी को सात वर्ष से कम समय होने पर मजिस्ट्रेट की देखरेख में पंचनामा भरवाया गया। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।