पत्नी के साथ हुई कहासुनी में ससुराल आए युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने की धमकी दी। सास की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने उसे बाजपुर रोड स्थित रेलवे ट्रैक से हिरासत में ले लिया। कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर पुलिस ने युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
बदायूं निवासी एक युवक की बुआ ग्राम ढकिया कुंडेश्वरी में रहती है। युवक अपनी बुआ के घर आता जाता था। इस दौरान तीन वर्ष पूर्व एक विवाह समारोह में उसकी मुलाकात क्षेत्र की ही एक युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा तो उन्होंने भागकर शादी रचा ली। 5 मई को वह पहली बार पत्नी को लेकर अपनी ससुराल पहुंचा। प्रेम विवाह से नाखुश ससुराल पक्ष के लोगों की दामाद से कहासुनी हो गई। बात बड़ी तो ससुराल पक्ष के लोग दामाद को कोर्ट में ले गए। वहां युवक से स्टांप पर लिखवाया कि भविष्य में वह कभी भी लड़की को नहीं छोड़ेगा और उसकी हर जरूरतों का ध्यान रखेगा। ससुरालियों के इस बर्ताव को लेकर उसी रात उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई।
मंगलवार सुबह युवक ससुराल से चला गया और फोन पर दुर्व्यवहार के लिए पत्नी को खरी खोटी सुनाई और ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने की धमकी दी। आनन-फानन में पत्नी ने यह बात अपनी मां को बताई। मां ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने बाजपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास से युवक को हिरासत में ले लिया। इस बीच पत्नी व अन्य ससुराली भी कोतवाली पहुंचे। वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।