रुद्रपुर कलक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधान को प्रशस्ति पत्र देतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। बाजपुर के ग्राम सरकड़ी में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन हो गया है। इस गांव में संबंधित आयु वर्ग के 266 लोग रहते हैं, जिनमें से 236 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। शेष लोग वे हैं जो गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। गांव की उपलब्धि पर शुक्रवार को डीएम रंजना राजगुरू ने कलक्ट्रेट सभागार में उत्कृष्ट कार्य के लिए सरकड़ी के ग्राम प्रधान जसविंदर सिंह, आशा कार्यकर्ता प्रेमा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश और राशन डीलर पूरन सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि आसपास के क्षेत्रों में भी वैक्सीनेशन कराने के लिए लोगों को प्रेरित करें। जिले में 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन कराने में चारों लोगों ने आपस में समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से सराहनीय कार्य किया। सरकड़ी गांव में जिले में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन वाला पहला गांव बन गया है।
जिले की अन्य ग्राम पंचायतों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। ग्राम प्रधान जसविन्दर सिंह ने बताया कि गांव में 45 वर्ष की आयु से ऊपर के 266 लोग हैं और इनमें से 236 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों और परिवार समेत बाहर ही रहने वालों को छोड़कर शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का कार्य किया गया है। वहां सीडीओ हिमांशु खुराना, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा, एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना मौजूद रहे। (संवाद)