रुद्रपुर की रामपुर सीमा से गुजरते वाहन।
- फोटो : RUDRAPUR
यूपी के रामपुर सीमा पर कोरोना की जांच में लापरवाही बरती जा रही है। रुद्रपुर से सटी रामपुर सीमा से रोजाना सैकड़ों वाहन कुमाऊंभर के अलग अलग क्षेत्रों में जाते हैं। सीएम के आदेश के बावजूद भी रामपुर सीमा पर कोरोना जांच के नाम पर खानापूरी की जा रही है।
मंगलवार को डॉक्टरों की एक टीम सुबह आठ बजे सीमा पर जांच के लिए पहुंची। साढ़े नौ बजे टीम 150 लोगों की सैंपलिंग लेकर वापस लौट आई। इसके बाद शाम तक दूसरी टीम सीमा पर जांच के लिए नहीं पहुंची। यूपी समेत अन्य बाहरी राज्यों से रुद्रपुर आने वाले वाहन बिना जांच के आते नजर आए। सीमा पर तीन सिपाही तो तैनात किए गए हैं। ये सिपाही स्वास्थ्य कर्मियों के रहने तक रजिस्टर में नाम, पते दर्ज कर वाहन चालकों को रोक रहे हैं।
स्वास्थ्य टीम के जाने के बाद सिपाही किसी वाहन को रोककर उनकी 72 घंटे की निगेटिव रिपोर्ट की जांच नहीं कर रहे हैं और न ही सीमा को पार करने वाले वाहनों के नंबर दर्ज किया जा रहे हैं। सीओ अमित कुमार ने बताया कि अधिकांश पुलिस कर्मी कुंभ ड्यूटी में हैं। सीमाओं पर लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।