रुद्रपुर। प्रतिबंधित मांस की तस्करी की सूचना पर वाहन चेकिंग कर रहे दो सिपाहियों पर तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। सिपाहियों की बाइक को टक्कर मारने के बाद तस्कर दोनों को अपनी कार से 30 फीट दूर तक घसीटकर ले गए। सिपाहियों के जख्मी होने पर तस्कर फरार हो गए।
मंगलवार को कोतवाली में दी तहरीर में गोवंश संरक्षण स्क्वायड के इंचार्ज चंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात सूचना पर टीम ने किच्छा से आ रही कार को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुकी। कार सवार लोगों ने टक्कर मारकर सिपाही जीवन कुमार और रविंद्र बिष्ट को कुचलने की कोशिश की और बाइक सवार सिपाहियों को तस्कर अपनी कार से 30 फीट दूर तक घसीटकर ले गए। इसके बाद कार सवार तस्कर फरार हो गए।
दोनों सिपाहियों को जिला अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दरऊ किच्छा निवासी अशफाक और नसीम के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी को सौंपी गई है।