सेल्स टैक्स अधिकारी के साथ हुई मारपीट के नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से खफा कर्मचारी, अधिकारियों ने काले फीते बांधकर काम किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बढ़ रही मारपीट की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। बुधवार को होने वाली कर्मचारी और अधिकारियों की आत्म सम्मान रैली को लेकर चर्चा की।
मंगलवार को वाणिज्य कर दफ्तर में अधिकारी और कर्मचारियों ने काले फीते बांधकर काम किया और विरोध प्रदर्शन भी किया। भवन सभागार में कुमायूं जोन के अधिकारी और कर्मचारियों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लगातार मारपीट की घटनाओं से अधिकारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। यदि ऐसे ही हालात रहे तो अधिकारी राजस्व संग्रह जैसे अति महत्वपूर्ण काम नहीं कर पाएंगे। सरकार को अधिकारियों की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि नामजद आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। अब गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिकारी और कर्मचारियों को धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल में घुसे कुछ लोग हमेशा ही राजकीय कार्य में बाधा डालते हैं। बुधवार को रुद्रपुर में होने वाली आत्मसम्मान रैली में प्रदेशभर के अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा लेंगे। डीएम और एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में डिप्टी कमिश्रर यशपाल सिंह, डीएस नाबियाल, अनूप गुप्ता, एनएस बोरा, हेमा बिष्ट, मोहिता भंडारी, असिस्टेंट कमिश्नर भुवन चंद्र पांडे, इश्हाक खान, विनय पांडे, ज्ञानचंद्र, आशीष ठाकुर, शुचि तिवारी, कुंदन पांगती, संजय उपाध्याय, एजाज बेग, कुसुम वर्मा, सबा रानी, संगीता शाह आदि मौजूद रहे।