दानपुर में लूटपाट के पीड़ित से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
शहर से तीन किमी दूर गदरपुर रोड स्थित दानपुर में बुधवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। दंपति के हाथ-पैर बांधकर बदमाश जेवरात और पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। बृहस्पतिवार सुबह पीड़ित व्यक्ति थाना रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और आपबीती बताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गांव दानपुर में बाबूराम का खेत है और खेत की रखवाली के लिये बाबूराम ने चंद्र पाल और राधेश्याम को रखा है।
चंद्रपाल परिवार के साथ खेत में बने मकान में रहता है। चंद्रपाल के मुताबिक उसका भाई राधेश्याम किसी कंपनी में काम करता है और वह बुधवार रात्रि ड्यूटी के लिए कंपनी चला गया। रात करीब एक बजे उसके कमरे में हथियारों से लैस पांच नकाबपोशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने तमंचे के बल पर चंद्रपाल और उसकी पत्नी के हाथ-पैर बांध दिये। बदमाशों ने दंपति की आंखों पर भी पट्टी बांध दी। इसके बाद बदमाश घर में रखे पांच हजार रुपये और चंद्रपाल की पत्नी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह से दंपति ने अपने हाथपांव खोले।
चंद्रपाल के मुताबिक बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे और हाथों में तमंचे थे। चंद्रपाल ने सुबह होते ही पूरे घटनाक्रम की सूचना अपने मालिक बाबूराम को दी। इसके बाद बाबूराम और चंद्रपाल बृहस्पतिवार सुबह रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और घटना से अवगत कराया। कोतवाल तुषार बोरा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।
आसपास के ही बदमाशों के होने की आशंका
दानपुर गांव में खेत में बने मकान में जिस तरह बदमाशों ने दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट की है, उससे स्पष्ट हो रहा है कि बदमाशा आसपास के ही थे और पीड़ित परिवार के परिचित थे। उन्होंने आते ही दंपति के हाथ-पैर बांध दिए और उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी, कि कहीं उन्हें पहचान न लिया जाए।