केलाखेड़ा थाने में घेराव करते लोग।
- फोटो : BAZPUR
केलाखेड़ा। मानसिक रूप से बीमार युवती को कुछ युवकों ने दौड़ाकर पीटा, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता की मां ने कई युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि बुधवार शाम नगर के वार्ड सात निवासी मानसिक रूप से बीमार रेशमा रास्ते से गुजर रही थी। इस दौरान मस्जिद के इमाम से उसकी कहासुनी हो गई। इस पर आक्रोशित कुछ युवकों ने युवती को दौड़ाकर पीटा, जिससे वह घायल हो गई। परिजनों ने रेशमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया।
घायल रेशमा की मां जमीला ने परिजनों के साथ थाने में जाकर मोहल्ला फिदानगर निवासी कई युवकों पर मारपीट कर घायल करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ ओमप्रकाश ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। उसी के आधार पर आरोपी युवकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष की अगुवाई में थाना घेरा
केलाखेड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष हामिद अली के नेतृत्व में लोगों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने युवती पर मस्जिद के इमाम को पत्थर मारने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। उन्होंने युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।