बाजपुर। खोखा स्वामी गौरव रूहेला को कार से कुचलकर मारने के मामले में अखिल भारतीय रूहेला क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता अवधेश रूहेला ने संस्था पदाधिकारियों के साथ मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उसके बाद मृतक के चाचा महेश रूहेला के आवास पर मीटिंग कर महासभा अध्यक्ष रूहेला ने कहा कि संगठन ने घटना को गंभीरता से लिया।
वह समाज के अधिवक्ता होने के नाते मुकदमे की पैरवी पर भी पूरी नजर रखेंगे। पुलिस विभाग की तरफ से आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष को प्रशासनिक सहायता नहीं दी गई है। प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने पर अस्थियों को साथ लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। खोखा स्वामी की मौत के प्रकरण से राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी सहित अन्य राज्यों के पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
इस दौरान पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता, आरोपी सिपाही प्रवीन को बर्खास्त करने सहित अन्य कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। वहां महासभा के राष्ट्रीय सचिव संजीव रूहेला, संगठन मंत्री विनोद रूहेला, यूपी के प्रदेशाध्यक्ष अमित रूहेला, यूपी के प्रांतीय महामंत्री अतुल रूहेला, ब्रजेश रूहेला, परवीन रूहेला, अनिल रूहेला, संजय रूहेला, शिभम रूहेला आदि थे। उसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने घायल विशाल रूहेला, शिभम रूहेला की कुशलक्षेम पूछी।
रूहेला समाज ने सीओ को घेरा
बाजपुर। खोखा स्वामी गौरव रूहेला की मौत के मामले को लेकर रूहेला समाज ने सीओ दीपशिखा अग्रवाल का घेराव कर डीएम के नाम सात सूत्री मांग पत्र उन्हें सौंपा। साथ ही घायल विशाल रूहेला की ओर से तहरीर देकर मुकदमे में धारा 307 को जोड़ने की मांग की गई।
रविवार को अखिल भारतीय रूहेला क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश रूहेला की अगुवाई में रूहेला समाज और स्थानीय लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सीओ दीपशिखा अग्रवाल का घेराव किया।
इस दौरान सीओ को महासभा की तरफ से सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में आरोपी सिपाही को बर्खास्त करने, आरोपी के साथी जीवन, गौरव पर कठोर कार्रवाई, पीड़ित पक्ष को 50 लाख की आर्थिक सहायता, आत्मरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस, घायलों के इलाज के लिए मुआवजा, प्रकरण में लीपापोती करने वाले पुलिस कर्मियों का तबादला, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की गई है।
वहां संजीव रूहेला, राजेश रूहेला, वीरेंद्र रूहेला, संजय रूहेला, महेश रूहेला, विनोद कुमार, रेशम यादव, सिंह स्वरूप भारती, तनवीर अहमद, ललित कोछड़ आदि थे। (संवाद)
प्रकरण की जांच में जुटे हैं पुलिस अफसर
बाजपुर। प्रकरण को लेकर रविवार को एएसपी राजेश भट्ट, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, इंस्पेक्टर संजय पांडेय दिनभर कोतवाली में जमे रहे। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल के ईर्द गिर्द रहने वाले लोगों से पूछताछ की। बता दें कि बुधवार की रात हल्द्वानी स्टैंड पर सिगरेट के रुपये मांगने पर सिपाही प्रवीन ने खोखा स्वामी गौेरव रूहेला को कार से कुचलकर मार दिया था।
हंगामा होने पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और सिपाही प्रवीन सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सूत्र बताते हैं कि रविवार को एएसपी राजेश भट्ट, सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने घटना स्थल के आसपास से एकत्र किए गए सीसीटीवी फुटेजों को भी देखा। कई लोगों से पूछताछ की है। (संवाद)
बाजपुर में मृतक के चाचा महेश रूहेला के घर पर मीटिंग करते रूहेला समाज के लोग।- फोटो : BAZPUR