लंबे समय से चली आ रही तहसील भवन की मांग अब पूरी होने जा रही है। रुद्रपुर तहसील के लिए 13.37 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनाया जाएगा। इसकी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। वर्तमान में तहसील का संचालन कलक्ट्रेट परिसर में हो रहा है।
नए तहसील भवन का निर्माण सब रजिस्ट्रार कार्यालय के पास वाली जमीन पर होगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण इकाई को सौंपी गई है। विभाग ने भवन का प्रस्ताव और लागत का एस्टीमेट तैयार कर लिया है।
नए तहसील भवन में तहसीलदार कोर्ट, नायब तहसीलदार कोर्ट, राजस्व रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष, वादकारियों के लिए वेटिंग हॉल और अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे। भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि जनता को एक ही छत के नीचे सभी राजस्व सेवाएं मिल सकें।
विकसित होते रुद्रपुर की मांग थी तहसील भवन
रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा है। जनसंख्या भी लगातार बढ़ रही है। कलक्ट्रेट में जगह कम होने के कारण फरियादियों को परेशानी होती थी। नए भवन में फाइलों का रखरखाव बेहतर होगा और कामकाज में पारदर्शिता आएगी। अधिकारियों ने बताया कि भवन निर्माण की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि अभी शासनादेश जारी होना बाकी है।
राजस्व वसूली और विवाद निस्तारण में आएगी तेजी
स्थानीय लोगों और बार एसोसिएशन ने भी नए तहसील भवन की मांग की थी। नया भवन बनने से न केवल आम जनता को सुविधा होगी बल्कि राजस्व वसूली और विवाद निस्तारण में भी तेजी आएगी। तहसील प्रशासन को उम्मीद है कि अगले एक-दो साल में नया भवन बनकर तैयार हो जाएगा और रुद्रपुर को एक आधुनिक तहसील कार्यालय मिलेगा।
तहसील के आधुनिक भवन निर्माण के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसका जीओ जल्द जारी होगा। 13.37 करोड़ रुपये की लागत से भवन बनेगा। - नरेंद्र नवानी, परियोजना प्रबंधक, निर्माण इकाई, उत्तराखंड पेयजल निगम
तहसील को अपना भवन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। नए तहसील भवन का निर्माण कार्य निर्माण इकाई उत्तराखंड पेयजल निगम करेगी। - दिनेश कुटौला, तहसीलदार