काशीपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए चार दिन में 270 बच्चों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। आवेदन की प्रक्रिया दो अप्रैल तक चलेगी।
समग्र शिक्षा की राज्य परियोजना की ओर से नए शिक्षा सत्र 2026-27 में आरटीई के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू कर दी गई थी। इसमें अपवंचित व कमजोर और निर्धन वर्ग के बच्चों के दाखिले के लिए ही पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। अभी तक ब्लॉक में करीब 270 अभिभावकों ने अपने बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन किया है। यह प्रक्रिया दो अप्रैल तक चलेगी। तीन अप्रैल तक बीईओ कार्यालय में आवेदन पत्र एवं संबंधित अभिलेख जमा होंगे। 13 अप्रैल तक छात्रों के प्रपत्रों की जांच, लॉटरी व पोर्टल पर बच्चों की अर्हता की पुष्टि की अंतिम तिथि है। 17 अप्रैल को स्कूलों में लाॅटरी प्रक्रिया होगी। 18 अप्रैल को लॉटरी का परिणाम जारी होगा। 30 अप्रैल तक निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया व निजी स्कूलों की ओर से प्रवेशित बच्चों की सूची अपलोड होगी।
खंड शिक्षाधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि वेबसाइट www.rteonline.uk.gov.in पर अभिभावक ने बच्चों के प्रवेश के लिए आवेदन करने शुरू कर दिए हैं। चार दिनों में 270 बच्चों के आवेदन हुए हैं।