काशीपुर। उत्तराखंड बार एसोसिएशन की 22वीं क्रिकेट चैंपियनशिप के 10वें दिन सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें रुड़की केदार ने डीडीएन लॉयर्स और रुड़की बार एसोसिएशन ने हरिद्वार की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मंगलवार को चैंपियनशिप के चीफ कोऑर्डिनेटर एडवोकेट उमेश जोशी व एडवोकेट मेहराज खान ने बताया कि छावनी चिल्ड्रन एकेडमी व शेमफोर्ड खेल मैदान सेमीफाइनल मैच खेले गए। शेमफोर्ड खेल मैदान में खेले गए पहले सेमीफाइनल में रुड़की केदार की टीम बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। जवाब में डीडीएन लॉयर्स की टीम नौ विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी।
दूसरा सेमीफाइनल छावनी चिल्ड्रन एकेडमी में खेला गया। हरिद्वार एडवोकेट ने पहले खेलते हुए छह विकेट पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुड़की बार एसोसिएशन की टीम ने 16.1 गेंद पर 2 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
एडवोकेट मेहराज खान ने बताया कि बुधवार को शेमफोर्ड खेल मैदान पर सुबह 11 बजे से रुड़की केदार और रुड़की बार एसोसिएशन की टीम के बीच फाइनल मुकाबला होगा। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, अपर जिला जज और एसडीएम अभय प्रताप सिंह होंगे।