काशीपुर। काशीपुर के रोहित ध्यानी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वह शनिवार को इंडियन मिलिट्री एकेडमी देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड में शामिल हुए।
जसपुर खुर्द्र रुद्राक्ष एन्क्लेव कॉलोनी निवासी कांता प्रसाद ध्यानी ने बताया कि उनके पुत्र रोहित ने पांचवीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय वड़ोदरा (गुजरात) में की। इसके बाद उनका चयन सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में हो गया और यहीं से उन्होंने इंटर पास किया। इसके बाद रोहित का चयन एनडीए के लिए हुआ। उन्होंने तीन साल तक एनडीए खड़कवासला में ट्रेनिंग की। एक साल तक आईएमए देहरादून में ट्रेनिंग की।
कांता प्रसाद ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र रजत ध्यानी वर्ष 2022 में आईएमए देहरादून से पासआउट होकर लेफ्टिनेंट बन चुका है। वर्तमान में वह भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर 24 मराठा यूनिट लद्दाख में तैनात है। वह स्वयं भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक रामनगर रोड काशीपुर में कार्यरत हैं। पत्नी कुसुम ध्यानी एक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका हैं। वह मूलरूप से ग्राम उड़ाखेत डुंगरी, नैनीडांडा धुमाकोट पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं। रोहित की की उपलब्धि पर क्षेत्र वासियों ने बधाई दी है।