रुद्रपुर पुलिस की हिरासत में ई रिक्शा लूट के आरोपी।
- फोटो : Amar Ujala
सप्ताह भर पूर्व गंगापुर रोड पर सवारी बनकर ई रिक्शा लूटने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर ई-रिक्शा और चालक का मोबाइल भी पुलिस बरामद कर चुकी है।
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि ट्रांजिट कैंप निवासी विपिन रस्तोगी बीती 21 मार्च को अपना ई-रिक्शा लेकर रोडवेज स्टेशन के पास खड़ा था इसी दौरान दो युवकों ने उससे गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौराहे पर छोड़नेको कहा। विपिन सवारियों को लेकर निकला तो पंचवटी कॉलोनी के पास सवारियों ने उसका ई-रिक्शा और मोबाइल लूटा और उसे बांधकर सड़क किनारे फेंक दिया।
विपिन ने मामले की तहरीर ट्रांजिट कैंप थाने में दी थी। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगापुर रोड टाइल्स फैक्ट्री के पास कुछ लोग ई-रिक्शा बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी जीबी जोशी और दरोगा होशियार सिंह ने मौके से तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम डीके सिंह निवासी वार्ड नंबर दो राजा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप, ऋषभ निवासी राजपुर कला थाना पटपरागंज आंवला जिला बरेली और योगेश निवासी वार्ड-2 ट्रांजिट कैंप बताया है। युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया ई-रिक्शा और विपिन का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
जीबी जोशी के अनुसार तीनों ई रिक्शा को बेचने की फिराक में थे और इसके लिए उन्होंने बरेली में भी संपर्क किया था। फिलहाल तीनों को जेल भेज दिया गया है। लुटेरों को पकड़नेे वाली टीम में एसआई प्रदीप चौहान, एसओजी के प्रकाश भगत, कांस्टेबल उमेश पंत, कुलदीप कुमार, नवीन भट्ट और हेमराज सिंह थे।