काशीपुर में पत्रकार वार्ता करते उद्यमी दीपक बाली।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। महाराणा प्रताप चौक पर निर्माणाधीन आरओबी का निर्माण कार्य फरवरी 2021 तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। इसमें देरी को लेकर हाईकोर्ट में विचाराधीन जनहित याचिका पर एनएच खंड हल्द्वानी की ओर से इस आशय का शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया है।
एनएच-74 पर बाजपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर लुधियाना की दीपक बिल्डर कंपनी की ओर से आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है। अनुबंध के अनुसार आरओबी निर्माण कार्य 17 नवंबर 2019 तक पूर्ण हो जाना था। इस संबंध में उद्यमी दीपक बाली ने आरटीआई के तहत कुछ सूचनाएं मांगे जाने के बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
इसमें आरओबी का निर्माण समय से पूरा न होने पर आम जनमानस एवं व्यापारियों को असुविधा होने की बात कही गई। 24 अगस्त को जस्टिस आरवी कुमार मलिमथ एवं जस्टिस एनएस धानिक की खंडपीठ में याचिका पर सुनवाई हुई।
इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग खंड हल्द्वानी के एई भुवन चंद्र की ओर से शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें उक्त आरओबी का निर्माण कार्य फरवरी 2021 तक पूर्ण करने की बात कही है। याचिकाकर्ता दीपक बाली ने मंगलवार को पत्रकारों को बुलाकर हाईकोर्ट की इस कार्यवाही से अवगत कराया।