रुद्रपुर में तीन माह से वेतन न मिलने और लंबित मांगों के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। समान काम-समान वेतन समेत छह सूत्रीय मांगों पर आवाज उठाई गई।
रुद्रपुर में तीन माह से वेतन नहीं मिलने और लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से नाराज उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। रोडवेज स्टेशन परिसर में कर्मचारियों ने समान काम-समान वेतन समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई। एससी-एसटी श्रमिक संघ के प्रांतीय मंत्री श्रीनिवास ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
विज्ञापन
यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री मनिंदर सिंह ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं दिया गया है। कर्मचारियों की मांग है कि वेतन का भुगतान समय पर किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि समान काम-समान वेतन लागू करने, लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान, कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेका और आउटसोर्स कर्मचारियों का समायोजन, सेवा शर्तों में सुधार और लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर 24 घंटे का कार्य बहिष्कार किया गया है। मनिंदर सिंह ने कहा कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए अगली रणनीति तैयार की जाएगी।