काशीपुर। रामनगर में डग्गामार वाहन चालकों ने रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट की थी। रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट को लेकर रोडवेज कर्मियों में गुस्सा है। रोडवेज कर्मियों की ओर से आंदोलन करने की रणनीति बन रही है।
शनिवार को काशीपुर डिपो के परिचालक मुकेश कुमार रामनगर पहुंचे थे, बस रामनगर से दिल्ली के लिए जानी थी। परिचालक ने आरोप लगाया कि बस अड्डे में आ रहे यात्रियों को कई प्राइवेट टैक्सी चालक खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। इसका विरोध किया तो गुस्साए टैक्सी चालकों ने उसके साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। इस संबंध में एक तहरीर रामनगर कोतवाली में दी थी, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस घटना के बाद से रोडवेज कर्मियों में आक्रोश है। कार्यशाला प्रभारी मोहम्मद यामीन ने बताया कि डग्गामार वाहनों की मनमानी चल रही है। परिवहन विभाग इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।