रुद्रपुर। बिजली की लाइन में फॉल्ट की वजह से रोडवेज परिसर रात भर अंधेरे में डूबा रहा। इससे ई-टिकटिंग सेवा गड़बड़ा गई। परिसर में बसों के इंतजार में यात्री अंधेरे में भटकते नजर आए। करीब साढ़े ग्यारह घंटे बत्ती गुल रहने की वजह से कई रूटों को जाने वाली बसें भी देरी से संचालित हो सकीं।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे ट्रांसफार्मर का जंपर उड़ने से बिजली गुल हो गई। इससे शहर के कई हिस्सों के साथ ही रोडवेज परिसर की बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से ई-टिकटिंग मशीन चार्ज नहीं हो सकीं। इससे ई-टिकटिंग सेवा गड़बड़ा गई। वहीं परिसर में बसों के इंतजार में ठहरे यात्री भी गर्मी की वजह से खासे परेशान रहे।
ईबीटीएम कक्ष में ई-टिकटिंग मशीन चार्ज न होने की वजह से सुबह अड्डे से संचालित बसें करीब आधा घंटे देरी से चल सकीं। वहीं बिजली संचालित नेटवर्क भी ठप रहा। इससे बसों के कई परिचालक किराया धनराशि जमा नहीं कर सके। कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति सुचारु होने की आस में पूरी रात बिता दी। सुबह करीब साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। तब परिचालकों ने किराया धनराशि जमा की और ई-टिकटिंग मशीनों को ईबीटीएम कक्ष में चार्ज किया। संवाद
मच्छरों के डंक ने उड़ाई नींद
रुद्रपुर। रोडवेज परिसर में ठहरे यात्रियों को बिजली ठप होने के बाद पंखों की हवा नहीं मिली। सारी रात मच्छर डंक मारते रहे। ऐसे में यात्रियों ने भी रोडवेज परिसर में बैठकर रात बिताई। ईबीटीएम कक्ष के हेड बाबू ललित कुमार ने बिजली न आने पर कक्ष बंद कर दिया। सुबह पांच बजे वह कार्यालय तो पहुंच गए। लेकिन ढाई घंटे और कार्यालय में बैठकर बिताने के बाद बिजली आने पर ई-टिकटिंग मशीनों को चार्ज कर सके। संवाद
एआरएम ने लगवाया इन्वर्टर
रुद्रपुर। एआरएम केएस राणा ने बताया कि शुक्रवार की रात बिजली आपूर्ति ठप रहने से रोडवेज के काम प्रभावित हुए थे। अब ईबीटीएम कक्ष में इन्वर्टर लगवा दिया गया है ताकि, ई टिकटिंग मशीनों को चार्ज करने में बाधा न आए और परिचालक भी आसानी से किराया धनराशि जमा कर सकें। संवाद