लंबे रूट पर जाने वाली सवारियों को वाहन चालक बुकिंग पर लेकर जा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। रोडवेज डिपो के पास आरओबी बनने के बाद से डग्गामार वाहन परिवहन निगम की आय को प्रभावित कर रहे हैं। ये वाहन चालक बस स्टेशन पर आने वाली सवारियों को परिसर के अंदर से ही बैठा कर ले जा रहे हैं।
महाराणा प्रताप चौक से बाजपुर रोड पर बने आरओबी के कारण रोडवेज डिपो की आय पर खासा असर पड़ गया है। वर्ष 2017 में आरओबी का काम शुरू हुआ था, जिसके चलते प्रशासन ने जन सुरक्षा के मद्देनजर रोडवेज डिपो में बसों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाते हुए डायवर्ट रूट से बसों की आवाजाही शुरू करा दी थी। लगभग एक साल पहले आरओबी पर यातायात शुरू होने के बाद बसों की आवाजाही तो शुरू हो गई, लेकिन सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने के कारण अधिकांश बसें डिपो तक पहुंचना मुश्किल हो गयी। ऐसे में यात्रियों को डायवर्ट रूट से गंतव्य के लिए बस पकड़ना मजबूरी बन गया। वहीं इसका सीधा लाभ डग्गा मार वाहनों को मिलना शुरू हो गया। वह डिपो में आने वाली सवारियों को बुकिंग करके गंतव्य तक पहुंचाने लगे।
उधर डिपो सूत्रों ने बताया कि डिपो में शाम चार बजे के बाद बसें नहीं आती है। जिसके चलते डग्गामार चालक डिपो परिसर के इर्दगिर्द वाहनों को लेकर मंडराने लगते हैं। यह लोग एक ही रूट की सवारियों की बुकिंग करके ले जाते हैं और डिपो की आय को प्रभावित करने लगे हैं। बताया काशीपुर से दिल्ली रूट की सबसे अधिक सवारियां मिलती हैं।
कोट-कई बार अधिकारियों से पत्राचार करके समस्या से अवगत कराया गया है। डिपो प्रशासन भी कई बार इन वाहन चालकों को खदेड़ता है तो लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। डिपो की आय पर खासा असर पड़ रहा है। क्योंकि सवारियां बसों का इंतजार करने के बजाए डग्गा मार वाहनों से अपने गंतव्य को चली जाती हैं।-हरेंद्र नितवाल, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, काशीपुर डिपो