रुद्रपुर। सिडकुल की सड़कें पार्किंग स्थल बन गई हैं। हर दिन कंपनियों में सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है लेकिन सड़क किनारे खड़े मालवाहक वाहनों से जाम लग रहा है और कारोबार का पहिया थम रहा है।
रविवार को अमर उजाला ने सिडकुल में सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों की पड़ताल की। सिडकुल ढाल के पास सबसे ज्यादा वाहन दिनभर सड़क पर खड़े मिले। इसी तरह कई अन्य सड़क व चौराहों पर वाहनों की कतारें मिलीं। कारोबारियों का उनका कहना है कि कई बार सड़क पर वाहन ऐसे खड़े हो जाते हैं कि कंपनियों से सामान लेकर जाने वाले वाहनों को निकलने की जगह ही नहीं मिल पाती।
घंटों जाम में फंसे रहने से ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ रहा है और समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है। सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा का है। कभी कोई हादसा हुआ तो अग्निशमन की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी परेशानी होगी। सड़क घिरी होने से एंबुलेंस तक समय पर सिडकुल नहीं पहुंच पाएगी। कारोबारियों ने वाहनों को सड़कों से हटाने की आवाज उठाई है।
रिंग रोड भी बनी पार्किंग का अड्डा
सिडकुल तक वाहनों के सुगम आवागमन के लिए बनाई गई रिंग रोड भी अब पार्किंग में तब्दील हो रही है। रिंग रोड के किनारे दिनभर वाहन खड़े रहते हैं। नैनीताल हाईवे पर फ्लाईओवर के नीचे बड़े वाहन सड़क किनारे पार्क हो रहे हैं।
कोट
सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र है, यहां हर मिनट कीमती है। सड़क पर वाहनों के खड़े होने से पूरा ट्रैफिक सिस्टम बिगड़ गया है। अगर फायर ब्रिगेड या एंबुलेंस को आना पड़ा तो वह नहीं आ सकती। प्रशासन को पार्किंग स्थल चिह्नित करना चाहिए। - अजय तिवारी, पूर्व अध्यक्ष, सिडकुल एसोसिएशन
हम कई बार प्रशासन को पत्र दे चुके हैं। सिडकुल ढाल और रिंग रोड पर बेतरतीब तरीके से वाहन पार्क किए जाने से कंपनियों का कच्चा माल और तैयार माल दोनों अटक रहा है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष, सिडकुल एसोसिएशन