रुद्रपुर। मौसम में बदलाव से बच्चों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सुबह-शाम ठंड और दिन में तेज धूप के कारण बच्चे तेजी से वायरल इंफेक्शन की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में बुखार, खांसी-जुकाम, गले में दर्द और निमोनिया से पीड़ित बच्चों की संख्या में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जा रही है।
बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम में सबसे ज्यादा खतरा वायरल फीवर, मौसमी फ्लू, ब्रोंकाइटिस, निमोनिया, एलर्जी, दस्त और त्वचा रोगों का रहता है। छोटे बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होने के कारण वह जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। चिकित्सकाें के अनुसार बदलते मौसम में बच्चों को सर्दी-गर्मी से बचाना जरूरी है। उन्हें ठंडा पानी, खुले में रखा भोजन और धूल से बचाव की जरूरत होती है। सुबह-शाम पूरे कपड़े पहनाएं और घर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
कोट:
मौसम बदलने के साथ बच्चों को बीमारियां जकड़ रही हैं। परिजनों को बच्चों का विशेष ख्याल रखना होगा। ज्यादा तकलीफ होने पर नजदीकी बाल रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। - प्रो. डॉ. ऋतु रखोलिया, विभागाध्यक्ष, बाल रोग।